बड़वानी , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पाटी वन परिक्षेत्र के ग्राम बामनाली में शिकार की तलाश में एक तेंदुआ आदिवासी परिवार के घर में घुस आया और पशुबाड़े में बंधे बकरी के एक बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। परिवार की सूझबूझ से तेंदुआ कुछ समय तक घर के भीतर ही कैद रहा और किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।

वनमंडलाधिकारी आशीष बंसोड़ ने बताया कि घटना बाबूलाल पिता छतरसिंह के घर की है। तेंदुआ देर रात घर में घुसकर कमरे से लगे पशुबाड़े में पहुंचा और बकरी के बच्चे पर हमला कर दिया। उस समय बाबूलाल घर के बाहर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे कमरे के अंदर थे।

उन्होंने बताया कि बकरी की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकलकर मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ कुछ समय तक घर के भीतर फंसा रहा। बाद में वह घर के एक कोने से निकलकर आसपास की पहाड़ियों की ओर चला गया।

श्री बंसोड़ ने बताया कि घटना में केवल बकरी का बच्चा घायल हुआ है। तेंदुए ने परिवार के किसी सदस्य पर हमला नहीं किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में घरों के दरवाजे बंद रखने, खुले में नहीं सोने, पशुबाड़ों को सुरक्षित रखने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल तेंदुए को पकड़ने या उसका रेस्क्यू करने की कोई योजना नहीं है और कैमरा ट्रैप के माध्यम से उसकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित