बैतूल , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार शोभापुर निवासी कोमल बरकड़े की शिकायत पर दर्ज प्रकरण में आरोप है कि 13-14 मार्च 2026 की रात अभिजीत बारस्कर अपने साथियों करण उर्फ भोला भारती, विक्रम कुमरे और आशीष उर्फ कच्ची बिंझाड़े के साथ शिकायतकर्ता के घर में घुस गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए तलवार और डंडों से हमला किया, जिसमें परिवार के सदस्य घायल हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर करीब 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया और जाते समय जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में थाना सारणी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक विरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान करण उर्फ भोला भारती (28), विक्रम कुमरे (28) और आशीष उर्फ कच्ची बिंझाड़े (21) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित