बैतूल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 18 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक लांजीवार ने 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उसके घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी लोकेश डावर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश सातनकर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता से आरोपी दीपक लांजीवार उर्फ गोलू (33), निवासी ग्राम बड़गांव, थाना भैंसदेही को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से बच्चों पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित