सागर , जून 05 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरा गांव में एक युवक का शव उसके घर के बाहर बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बिलहरा निवासी सोनू अहिरवार (26) का शव गुरुवार को उसके घर के बाहर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसके संबंध में परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मृतक ऑटो चालक था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित