नरसिंहपुर , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के पुलिस थाना तेन्दूखेड़ा क्षेत्र के डोभी गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मृतक के घर के पीछे खेत में पड़ा मिला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान गोपाल विश्वकर्मा (27) के रूप में हुई है। उसका शव खेत में अर्धनग्न हालत में पड़ा था, जबकि उसके कपड़े शव से कुछ दूरी पर रखे हुए मिले। मृतक के शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक के बड़े भाई गोविंद विश्वकर्मा के अनुसार गोपाल तेन्दूखेड़ा के एक कारखाने में काम करता था। गुरुवार रात को सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। शुक्रवार सुबह जब उसकी पत्नी टिफिन तैयार करने लगी तो गोपाल घर में नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करने लगे।

तलाश के दौरान घर के पीछे स्थित खेत में गोपाल का शव पड़ा मिला। परिवारजनों का आरोप है कि गांव की एक युवती से गोपाल के प्रेम संबंध थे और इसी कारण उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी बीएल त्यागी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित