भरतपुर , जुलाई 27 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के पीलवा नदी गांव में सोमवार को घरों में अचानक उच्च क्षमता का करंट का प्रवाह होने से एक युवक की मौत हो गयी जबकि एक महिला झुलस गयी।

घटना के बाद मृतक युवक इमरान (30) के आक्रोशित परिजनों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मलारना डूंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य द्वार पर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन किया और डिस्कॉम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी लाइन में फॉल्ट होने से घरों में करंट दौड़ गया। इससे 10 से अधिक घरों के बिजली उपकरण जल गये। करंट की चपेट में आने से इमरान की मौत हो गयी जबकि 27 वर्षीया गर्भवती महिला गुलिस्तां गंभीर रूप से झुलस गयी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी और लोग घरों से बाहर निकल आये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित