पंचकूला , अगस्त 10 -- हरियाणा पुलिस ने घरेलू सहायिका से कथित मारपीट के मामले में एक महिला को जांच में शामिल किया है।

मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आज थाना सुशांत लोक पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वायरल हुए वीडियो का स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। वीडियो में एक महिला दूसरी महिला को जबरन रोककर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वीडियो में दिखाई गई घटना 24 जुलाई 2026 को द कैमलियास, सेक्टर-42, गुरुग्राम में हुई थी। इस संबंध में थाना सुशांत लोक में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वीडियो में मारपीट का शिकार हुई महिला आरोपी के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। वह 27 जुलाई को काम छोड़ चुकी थी।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, काम को लेकर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद कथित मारपीट की घटना हुई।

पुलिस ने आज आरोपी महिला रुचिरा सचदेवा (52), निवासी द कैमलियास, सेक्टर-42, गुरुग्राम को नियमानुसार मामले की जांच में शामिल किया।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी और जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित