जशपुर, अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया बढ़ई पारा में घरेलू विवाद के चलते एक बेटे के अपने ही पिता की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे सदानंद नाग (45) और उसके बेटे विजय कुमार नाग (26) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद के दौरान आवेश में आकर विजय नाग ने पास में रखी लकड़ी की फाड़ी से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया है।
मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी जब्त कर ली है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 18 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर दिया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित