शाहजहांपुर , जून 07 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार क्षेत्र में शनिवार को घरेलू विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया । हालत बिगड़ने पर परिजन तीनों को पीलीभीत अस्पताल ले गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने रविवार को बताया कि थाना खुटार क्षेत्र के गांव कोल्हूगाढ़ा गांव में रहने वाले सनी (28) का विवाह दो माह पहले शिवानी (25) नाम की युवती से हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति पत्नी में आए दिन विवाद होने लगा शनिवार को विवाद के बाद शिवानी ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी तबियत बिगड़ने लगी उसके बाद उसके पति सनी और मां सरस्वती ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को हालत बिगड़ने पर आस पास रहने वाले लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए पीलीभीत के अस्पताल ले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित