सूरजपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ससुराल में घुसकर एक ही बिस्तर पर सो रहे छह वर्षीय बच्चे और उसके दादा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलस गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आज बताया कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र के खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह घर से चली गई थी। चार-पांच दिनों तक पत्नी के वापस नहीं लौटने पर भजन सिंह उसकी तलाश में अपने ससुराल रामेश्वरम गांव पहुंचा।
संगीता के मायके में नहीं मिलने पर भजन सिंह ने इसके लिए अपने साले कल सिंह को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि भजन सिंह ने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।
पुलिस के मुताबिक देर रात आरोपी दोबारा ससुराल पहुंचा और छह वर्षीय सत्यम सिंह अपने दादा जय सिंह के साथ एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहा था। आरोप है कि भजन सिंह ने दोनों पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आग बुझाकर दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। आग की चपेट में आने से सत्यम और जय सिंह करीब 20 प्रतिशत झुलस गए।
पुलिस ने प्रकरण में आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित