बैतूल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पति और एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिखलीमाल निवासी 32 वर्षीय गंगा बाई यादव ने छह जुलाई 2026 को अपने घर के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतका के परिजनों तथा अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि गंगा बाई का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व बलराम यादव से हुआ था। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से उसका पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता था। आरोप है कि वह देर रात शराब पीकर घर लौटता था और पत्नी द्वारा पूछताछ करने पर उसके साथ मारपीट करता था। साथ ही महिला को घर से बाहर जाने और बच्चों को नाना के घर भेजने से भी रोकता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतका का मामा ससुर जगदीश यादव भी उसे प्रताड़ित करता था। उस पर गाली-गलौज, मारपीट करने तथा पति से तलाक लेने के लिए दबाव बनाने के आरोप हैं।

पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में एकत्रित साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि पति और दूसरे आरोपी द्वारा लगातार की गई शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के कारण महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

इसी आधार पर थाना कोतवाली में 29 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी पति बलराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दूसरे आरोपी जगदीश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित