पटना , मार्च 12 -- बिहार सरकार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य से उत्पन्न ऊर्जा संकट की स्थिति को देखते हुए राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
विकास आयुक्त ने राज्य के सभी जिला अधिकारियों एवं पुलिस अधिक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनधिकृत बिक्री पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाए।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने सभी जिलों में विशेष निगरानी अभियान चलाते हुए गैस एजेंसियों, गोदामों तथा वितरण प्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं एजेन्सियों के विरुद्ध तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही इस की भी निगरानी रखी जाए कि घरेलू गैस सिलेंडर का कहीं भी व्यावसायिक उपयोग न हो।
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सोशल मीडिया पर सतत् निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही अफवाह फैलाने वाले तथा कालाबाजारी करने वाले के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश सभी पुलिस अधीक्षकों को दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित