लखीमपुर खीरी , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसी संचालकों, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों, पेट्रोल पंप मालिकों और रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ बैठक कर गैस वितरण व्यवस्था पारदर्शी रखने के निर्देश दिए।
दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले में गैस, डीजल तथा पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों को बुकिंग सिस्टम का शत-प्रतिशत पालन करने और उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार ही सिलेंडर देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सिलेंडर का वितरण फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के आधार पर किया जाए और सभी वितरण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से संचालित रहें। कैमरों की 15 से 30 दिन तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल किसी भी हालत में न होने दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर पुलिस की कड़ी नजर है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए गैस एजेंसियों पर लेखपालों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। लेखपाल अपनी निगरानी में उपभोक्ताओं को पारदर्शी तरीके से सिलेंडर वितरण कराएंगे और पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वितरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी, जमाखोरी या कालाबाजारी मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित