पटना, मार्च 19 -- बिहार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर हमला करते हुए कहा कि घरेलू गैस संकट से निपटने में मोदी सरकार विफल रही है।

श्री राम के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पटना में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कमी और बढ़ती कीमतों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के पुतले भी फूंके।

यह प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पटना के इनकम टैक्स चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया।

Bकांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में गैस सिलेंडरों की भारी कमी है, जिससे आम लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में घरेलू गैस के लिए कतार में खड़े बुजुर्गों की मौत की खबरें बेहद चिंताजनक हैं।

श्री राम ने इस स्थिति को केंद्र सरकार की "विफलता और कुप्रबंधन" का परिणाम बताया और आरोप लगाया कि सरकार नागरिकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में असफल रही है और केवल अपने पार्टी के प्रचार पर ध्यान दे रही है।

कांगेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की "गलत नीतियों" के कारण लोग महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी से जूझ रहे हैं। एलपीजी संकट के कारण कई घरों में खाना बनाने का ईंधन नहीं है, जबकि बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग पर गंभीर असर डाला है। उन्होंने सरकार पर जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को "सड़क से सदन तक" उठाती रहेगी।

इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एलपीजी की आपूर्ति तुरंत बहाल करने तथा कीमतों में कमी की मांग की।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस विधान परिषद के नेता मदन मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद प्रेम चंद्र मिश्रा, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, मेनका कुमारी और मीडिया प्रभारी राजेश राठौर सहित कई नेता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित