प्रयागराज , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के खुल्दाबाद क्षेत्र में प्रेम विवाह के करीब नौ माह बाद एक युवती का शव बुधवार शाम घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार कानपुर के बिठूर निवासी राम स्वरूप कुरील की पुत्री नेहा (23) ने अक्टूबर 2025 में खुल्दाबाद के लकड़मंडी निवासी गौतम पाल से प्रेम विवाह किया था। गौतम हलवाई का काम करता है। गौतम ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम घर में भांजी के रोने पर उसने नेहा से बच्चे को चुप कराने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद नेहा नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और रात का भोजन भी नहीं किया।

उसने बताया कि बुधवार सुबह नेहा रोज की तरह उठी, नाश्ता और भोजन बनाया, लेकिन इसके बाद बिना किसी से कुछ कहे अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर वह दुकान से लौटकर पहली मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचा। दरवाजा बंद था, लेकिन अंदर से कुंडी नहीं लगी थी। कमरे में प्रवेश करने पर उसने नेहा को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद उसने शोर मचाया। परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

प्रभारी निरीक्षक केशव दास वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि नेहा और गौतम का विवाह पिछले वर्ष एक सड़क हादसे के कारण भी चर्चा में रहा था। विवाह के बाद 8 अक्टूबर 2025 को बारातियों को लेकर लौट रही एक स्कॉर्पियो फतेहपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बड़ौरी टोल प्लाजा के निकट तालाब में गिर गई थी। चालक को झपकी आने से हुए इस हादसे में दूल्हे के चार मित्रों शिवम साहू, राहुल केसरवानी, शाहिल और रितेश की मृत्यु हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित