मोहाली, दिसंबर 18 -- पंजाब में घने काेहरे के कारण गुरुवार सुबह खरड़-कुराली हाईवे पर जमुना अपार्टमेंट के सामने सर्विस रोड पर दो स्कूल बसों की आपस में टक्कर हो गयी।
प्राप्त जानकारी अनुसार एक स्कूल बस कुराली की ओर से आ रही थी, जबकि दूसरी बस गलत दिशा से कुराली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त सड़क पर काफी कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी।
इस दुर्घटना में दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा कुछ स्कूली बच्चों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, सेंट एजरा स्कूल की बस के चालक तरुणजीत सिंह को इलाज के लिए खरड़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके माथे पर टांके लगे हैं और हाथ में चोट आई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से मोहाली और ट्राइसिटी चंडीगढ़ में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित