टिहरी , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी के घनसाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नैल-थापला मोटरमार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थापला के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय बोंसला में परीक्षा परिणाम वितरण के बाद शिक्षिका नीता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री उर्मिला तथा दो छात्राएं नंदिनी और स्नेहा कार से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर पड़े मलबे और फिसलन के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्वयं राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में भर्ती कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित