बैतूल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के खेड़ी सांवलीगढ़ ग्राम पंचायत में नवनिर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के मरम्मत कार्य के दौरान छत का सीमेंट बीम गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय छाया पति पंजाबराव के रूप में हुई है। हादसे में उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 58 वर्षीय भीकाजी शेषराव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक पंचायत निधि से करीब छह माह पहले इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया था, जिसमें 15 दुकानों का निर्माण हुआ था। हाल ही में एक दुकानदार द्वारा दीवार में दरार की शिकायत किए जाने पर पंचायत ने मरम्मत कार्य शुरू कराया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरम्मत के दौरान मजदूर दीवार तोड़ रहे थे, तभी अचानक छत का भारी सीमेंट बीम गिर पड़ा, जो सीधे महिला मजदूर पर आ गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण इतनी जल्दी दीवारों में दरार आ गई और यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदारों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित