टिहरी , जुलाई 17 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टिहरी, राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बोराड़ी तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तीनों संस्थानों में सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित मिले तथा विद्यालय निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित होते पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर उनके अनुभव एवं सुझाव भी जाने। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टिहरी और राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बोराड़ी में निरीक्षण में लगातार घटती छात्र संख्या पर अपर जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी से छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने और शिक्षा के स्तर में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अभिभावकों का विश्वास मजबूत किया जाए।
इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) में संचालित डीएलएड पाठ्यक्रम का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उन्हें शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विशेष रूप से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं को समझते हुए संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की सलाह दी।
श्री नेगी ने संस्थान के कला एवं संस्कृति कक्ष, पुस्तकालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य दीपक रतूड़ी सहित संस्थान के शिक्षक एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित