ग्वालियर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में अज्ञात ठगों ने सेवानिवृत्त अधिकारी समेत तीन लोगों के बैंक खातों से कुल 5.81 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर निवासी एवं उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त अनूप कुमार चैबे फेसबुक पर पेंशन कार्ड संबंधी विज्ञापन के झांसे में आ गए। लिंक पर जानकारी दर्ज करने के बाद उन्हें व्हाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल खोलने के लिए कहा गया। फाइल खुलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से तीन किश्तों में एक लाख 73 हजार रुपये निकाल लिए गए।

एक अन्य मामले में माधौगंज थाना क्षेत्र निवासी बृजेश तलरेजा के बैंक खाते से दस यूपीआई लेनदेन के माध्यम से एक लाख 37 हजार 951 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने किसी को ओटीपी साझा नहीं किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

झांसी रोड थाना क्षेत्र निवासी विकास अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि उनकी माता के बैंक खाते से तीन दिनों के दौरान सात लेनदेन में दो लाख 71 हजार रुपये निकाल लिए गए। पासबुक अपडेट कराने पर धोखाधड़ी का पता चला। मामले में संबंधित थाना पुलिस जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित