ग्वालियर , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक वृद्ध दंपति के बैंक खातों से कई बार में 7.02 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अग्रवाल धर्मशाला के पास रहने वाले 75 वर्षीय कारोबारी सुरेश चंद्र बंसल के मोबाइल पर पांच अगस्त को खाते से 50 हजार रुपये निकलने का संदेश आया। कुछ देर बाद उनकी पत्नी शारदा बंसल के खाते से भी 50 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश मिला। बिना किसी लेनदेन के रकम निकलने पर दंपति तत्काल यूको बैंक की शाखा पहुंचे।
बैंक प्रबंधक से दोनों खातों का स्टेटमेंट निकलवाने पर कई फर्जी लेनदेन सामने आए। सुरेश चंद्र बंसल के खाते से 50,008 रुपये, 1,00,008 रुपये, 2,00,023 रुपये और 2,00,100 रुपये सहित अलग-अलग किस्तों में कुल 6,52,144 रुपये निकाले गए। ठगों ने बीच में कुछ रकम वापस भी जमा की। वहीं शारदा बंसल के खाते से 50,008 रुपये निकाले गए।
पीड़ित दंपति ने बैंक स्टेटमेंट के साथ थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लेनदेन की जानकारी जुटाने के साथ साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित