ग्वालियर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक 38 वर्षीय युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टेकनपुर निवासी नरेश शिवहरे (38), जो हनुमान नगर में किराये के मकान में रहकर कटारे फार्म के पास फास्ट फूड का ठेला लगाता था, का शव मंगलवार सुबह कटारे फार्म क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक नशे का आदी था। दो दिन पहले नशे के लिए घर के बर्तन बेचने को लेकर उसका पत्नी से विवाद भी हुआ था। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित