ग्वालियर , अक्टूबर 16 -- ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में पैसे दोगुने करने का लालच देकर ठगों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 30 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी ठग ली। पुलिस ने मामले में आगरा निवासी तीन संदिग्धों तनुज गोस्वामी, गोपाल गोस्वामी और दिनेश गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गोला का मंदिर क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी निवासी रामप्रकाश दुबे 15 अक्टूबर को शाम करीब पौने पांच बजे मुरार बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रहे थे। सात नंबर चौराहे पर फर्नीचर की दुकान के पास दो बाइकों पर सवार तीन लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका। इसके बाद उन्होंने आपस में नकदी और पर्चियों का लेन-देन करते हुए 100 रुपये के बदले 200 और 500 रुपये के बदले 1,000 रुपये देने का नाटक किया।

आरोपियों ने रामप्रकाश को भी पैसे दोगुने करने का लालच दिया। जब उन्होंने नकदी नहीं होने की बात कही, तो आरोपियों ने अंगूठी के बदले उसकी कीमत से दोगुनी रकम देने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर बुजुर्ग ने अंगूठी उतारकर दे दी। अंगूठी मिलते ही तीनों मौके से भाग निकले। घर पहुंचकर रामप्रकाश ने अपने बेटे राघवेंद्र दुबे को घटना बताई, जिसके बाद मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

मुरार थाना प्रभारी गोविंद बगोली के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तीनों को एक अन्य बुजुर्ग को कथित तौर पर निशाना बनाते समय पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग शहरों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित