ग्वालियर , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में थाटीपुर थाना पुलिस ने नकली दवाएं बेचने वाले एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के प्रतिनिधि सौरभ कुमार पाण्डेय और जुलफेकार अली ने अपनी टीम के साथ पुलिस को सूचना दी कि मयूर मार्केट स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर पर कंपनी के नाम से नकली दवाएं बेची जा रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अल्ट्रासिट टेबलेट खरीदी गई, जो जांच में नकली पाई गई।

इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक रामवीर राठौर, निवासी गोहद जिला भिंड (हाल निवासी सुरेश नगर, ग्वालियर) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली दवाएं कहां से लाई जा रही थीं और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित