ग्वालियर , मई 7 -- जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रीमियर लीग 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 8 मई से 8 जून तक एमएलबी कॉलेज मैदान पर किया जाएगा।

कांग्रेस विधायक एवं जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. सतीश सिकरवार ने गुरुवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के 19 वार्डों से 165 टीमें भाग लेंगी।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का शुभारंभ 8 मई को शाम छह बजे एमएलबी कॉलेज खेल मैदान पर होगा। उद्घाटन समारोह में महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार मुख्य अतिथि तथा मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्वालियर ग्रामीण विधायक साहब सिंह गुर्जर करेंगे।

डॉ. सिकरवार ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर प्रतियोगिता में शामिल सभी 165 टीमें मैदान में उपस्थित रहेंगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला टीम 18एफ और 56वाय के बीच मैत्री मैच के रूप में खेला जाएगा।

उन्होंने बताया कि विजेता टीम को एक लाख रुपए, उपविजेता को 51 हजार रुपए तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को मोटरसाइकिल प्रदान की जाएगी। वहीं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 11-11 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा।

इसके अलावा 11 टीमों को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को 1100 रुपए नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। डॉ. सिकरवार ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन दर्शकों को कूपन वितरित किए जाएंगे तथा मैच समाप्ति के बाद लकी ड्रॉ के माध्यम से 100 दर्शकों को टी-शर्ट दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित