ग्वालियर , अगस्त 01 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक निजी कंपनी का सेल्स टीम लीडर कंपनी को 25.56 लाख रुपए की चपत लगाकर फरार हो गया है।
घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के में तीन जुलाई से 18 जुलाई के बीच की है। इसके बाद सेल्स टीम लीडर धार्मिक कार्यक्रम में जाने की कहकर गायब हो गया। घटना का पता उस समय चला जब वह वापस नहीं लौटा, तो उसे कॉल किया तो मोबाइल बंद मिला। इसी बीच पता चला कि गायब सेल्स टीम लीडर कई कारोबारियों से रुपए लेकर गायब हुआ है। उससे संपर्क करने पर जब पता नहीं चला तो मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
गरगज कॉलोनी निवासी विकास पाठक पुत्र गोपाल कृष्ण पाठक ने पुरानी छावनी थाना पुलिस से शिकायत की है कि वह यूकेवी एंटरप्राइजेज कंपनी के उप संचालन प्रबंधक हैं। उनकी कंपनी में सेल्स टीम लीडर के रूप में मुरैना बड़ोखर निवासी हृदेश सिंह राजपूत पुत्र निरजंन राजपूत काम करता है। 13 जुलाई को हृदेश सिंह राजपूत प्रबंधक राजेश शर्मा से 14 जुलाई को मुरैना स्थित घर पर रामायण पाठ होने पर छुट्टी लेकर गया था। उसे पंद्रह जुलाई को वापस आना था, लेकिन वह नहीं आया।
प्रबंधक ने कॉल किया तो हृदेश ने बताया कि वह उरई में प्रीति ट्रेडर्स से भुगतान लेने जा रहा है।
इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। कंपनी अधिकारियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद कंपनी के अधिकारी कालपी ब्रिज गोला का मंदिर उसके घर पहुंचे, जहां पर हृदेश की पत्नी अंजना मिली। उससे पूछा तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
संदेह होने पर कंपनी की टीम ने जब बाजार में संबंधित व्यापारियों से संपर्क और बिलों का सत्यापन किया, तो चौकाने वाली सच्चाई सामने आई। 18 जुलाई को जब टीम आरोपी के पैतृक गांव मुरैना पहुंची तो उसके पिता निरंजन सिंह राजपूत ने बताया कि 14 जुलाई को घर पर कोई रामायण पाठ था ही नहीं।
वहीं जांच में पता चला कि हृदेश ने प्रीति ट्रेडर्स से नौ लाख 59 हजार 215 रुपए, ममता ट्रेडर्स से चार लाख 64 हजार 929 रुपए, मां कैला कृपा ट्रेडर्स से चार लाख 75 हजार दो रुपए तथा अन्य स्थानीय दुकानदारों से छह लाख 57 हजार 135 रुपए कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय निम्नलिखित व्यापारियों से मिली राशि खुद हड़प ली। इसका पता चलते ही कंपनी अफसरों ने पुरानी छावनी थाना पुलिस से शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित