भोपाल , अक्टूबर 18 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में ट्रक दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को शीघ्र ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।
डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित