ग्वालियर , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में चीनोर से शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

श्री तोमर ने कहा कि शोक की इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। दुर्घटना के बाद विधानसभा अध्यक्ष के रविवार के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार के पास ढलान पर धान से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले गया था। दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु हुई और अनेक घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। प्रशासन द्वारा घायलों का उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित