जयपुर , अप्रैल 04 -- राजस्थान में कृषि विभाग के तत्वाधान में आगामी 23 से 25 मई तक होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 के प्रचार-प्रसार और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित किये जायेंगे।

कृषि एवं उद्यानिकी एवं पंचायती राज (कृषि) विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि ये रोड शो दस अप्रैल को जयपुर, 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, छह मई को हैदराबाद तथा आठ मई को पुणे में आयोजित होंगे।

श्रीमती राजपाल ने बताया कि इन रोड शो के माध्यम से निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को ग्राम-2026 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उन्हें राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी जाएगी।

रोड शो का उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों और आईटी आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है। इन आयोजनों के दौरान संभावित निवेशकों, एग्रीटेक डेवलपर्स, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए राज्य में कृषि आधारित उद्योगों, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने इन रोड शो को राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक निवेश और उन्नत तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और विशेषज्ञों को राजस्थान की कृषि क्षमता और उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित