नयी दिल्ली , मई 07 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद में सीवर की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मचारियों की कथित मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त और फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया है।

आयोग ने दोनों अधिकारियों से दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने के साथ ही इस मामले की जांच की स्थिति तथा मृतकों के परिजनों को दिए गये मुआवजे का विवरण देने को भी कहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गत दो मई को ग्रेटर फरीदाबाद स्थित पुरी प्रणाम सोसाइटी में सीवर की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मचारियों की मौत हो गयी थी। बताया गया है कि कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण और गैस मास्क के मैनहोल में उतारा गया था।

आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट सही है तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। आयोग ने चिंता जताते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और एनएचआरसी की सलाह के बावजूद देश में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

आयोग ने सीवर की मशीनीकृत सफाई और सफाई कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित