ग्रेटर नोएडा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित फोम कम्पनी में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
यह घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के डीएमआईसी सेक्टर स्थित कंपनी परिसर में हुई। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया और फायर स्टेशन से कई दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग कंपनी के प्लॉट नंबर एच-एक में रखे स्क्रैप और घास-फूस में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
अग्निशमन सेवा इकाई की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मिली है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित