ग्रेटर नोएडा पश्चिम , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पश्चिम बिसरख थाना क्षेत्र के सेक्टर एक में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ए.ई. सिटी सोसाइटी के पीछे स्थित एक जिम में भीषण आग लग गई। आग जिम की दूसरी मंजिल पर लगी थी। देखते ही देखते पूरे जिम में धुआं भर गया।

अग्निशमन अधिकारी द्वारा घटना जानकारी देते हुए बताया गया कि,सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। जिम दूसरी मंजिल पर होने और अंदर भारी धुआं भरा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

भारी धुएं के कारण जिम के अंदर पहुंचकर आग बुझाना चुनौतीपूर्ण हो रहा था। स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने क्रेन की मदद से जिम के शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकालने का रास्ता बनाया, जिसके बाद अंदर पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई।

दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और जिम में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर आग दूसरी मंजिल स्थित जिम में लगी होने की जानकारी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित