ग्रेटर नोएडा , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला की सियासत में मिशन-2027 को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी जिले से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है।

इसी कड़ी में मंगलवार को जेवर विधानसभा क्षेत्र के दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बसपा का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

सभा के दौरान बसपा ने जेवर विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का भी ऐलान कर दिया। दनकौर में आयोजित सम्मेलन में सतवीर नागर को जेवर विधानसभा क्षेत्र से बसपा का प्रत्याशी घोषित किया गया। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ ही पार्टी ने क्षेत्र में मिशन-2027 की अपनी चुनावी तैयारी को स्पष्ट रूप से सामने रख दिया है।

उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर को बसपा का पुराना सियासी आधार माना जाता रहा है। पार्टी अब इसी परंपरागत जमीन को दोबारा मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। दनकौर का कार्यकर्ता सम्मेलन इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच आयोजित कार्यक्रम के जरिए बसपा ने क्षेत्र में अपना संगठनात्मक आधार और जनाधार फिर से मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की।

कार्यक्रम को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी की ओर से सम्मेलन को शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सम्मेलन में सतवीर नागर को जेवर विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद क्षेत्र की चुनावी सियासत में हलचल बढ़ने के संकेत हैं। बसपा नेतृत्व ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर जेवर में अपनी चुनावी रणनीति को शुरुआती तौर पर स्पष्ट कर दिया है।

सतवीर नागर के नाम के एलान के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी तैयारियों को तेज करने का संदेश भी गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बसपा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने पर जोर देगी।

दनकौर में आयोजित सम्मेलन को केवल कार्यकर्ता कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि बसपा के आगामी राजनीतिक अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। आकाश आनंद की मौजूदगी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने के जरिए पार्टी ने गौतमबुद्धनगर में अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश देने की कोशिश की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित