गौतमबुद्धनगर , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा खान-पान, पेयजल, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम परिसर की साफ-सफाई, रसोईघर, स्टोर रूम, खाद्य सामग्री, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही वृद्धजनों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। स्टोर रूम के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

पेयजल व्यवस्था की जांच करते हुए जिलाधिकारी ने वाटर कूलर से उपलब्ध कराए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में पेयजल, बिजली और प्रकाश सहित सभी आवश्यक सुविधाएं हर समय सुचारु एवं क्रियाशील रहनी चाहिए। किसी भी सुविधा में कमी सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धाश्रम परिसर में दो दिन के भीतर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने तथा उनकी निगरानी का एक्सेस कलेक्ट्रेट में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।

उन्होने वृद्धाश्रम प्रबंधन को वृद्धजनों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, खान-पान, सुरक्षा और दैनिक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि वृद्धजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही समाज कल्याण विभाग को वृद्धजनों के कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए वृद्धाश्रम में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित