ग्रेटर नोएडा , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स में 10 से 14 सितंबर तक आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर (वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा) पुरुष/महिला प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के 11 जोनों की पुरुष एवं महिला टीमों के करीब 550 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सोमवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में मेरठ जोन ने वाराणसी जोन को पराजित कर चल बैजन्ती ट्रॉफी अपने नाम करते हुए परचम लहराया। वहीं मेरठ जोन की महिला वर्ग द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में लखनऊ जोन को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया ।
सेपक टकरा पुरुष वर्ग के डबल्स इवेंट के फाइनल में पीएसी पश्चिमी जोन ने लखनऊ जोन को हराकर ट्रॉफी जीती। रेगू और क्वाड इवेंट में भी पीएसी पश्चिमी जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीएसी मध्य जोन को पराजित कर दोनों खिताब अपने नाम किए।
महिला वर्ग के सेपक टकरा डबल्स इवेंट में लखनऊ जोन ने बरेली जोन को हराकर चल बैजन्ती ट्रॉफी हासिल की। वहीं रेगू और क्वाड इवेंट के फाइनल मुकाबलों में बरेली जोन ने लखनऊ जोन को पराजित कर दोनों ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का समापन समारोह अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री अजय कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स श्री शकील मोहम्मद सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से पुलिसकर्मियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित