ग्रेटर नोएडा , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग पचास लाख रुपये कीमत के आईक्यूओओ कंपनी के 100 चोरी के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आनन्द उर्फ रुद्रेश पुत्र देवेन्द्र सिंह, पंकज उर्फ धीरेन्द्र पुत्र देवेन्द्र सिंह तथा मोहित पुंडीर पुत्र संतोष उर्फ पप्पू के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें अन्य स्थानों पर खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने मौके से 100 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप भी बरामद हुई। वहीं अभियुक्त आनन्द उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के पास से एक-एक अवैध चाकू भी मिला।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आनन्द उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और गुरुग्राम में चोरी एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मोहित पुंडीर पर भी चोरी से संबंधित मामलों दर्ज हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित