ग्रेटर नोएडा , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के कालूपुर गांव में एक पारिवारिक विवाद में तीस लाख रुपये के मुआवजे के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सुखदेव (25) तीन दिन पहले बाइक लेकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। रविवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में उसका लहूलुहान शव मिला। शव के पास टूटी हुई बाइक और हेलमेट पड़े थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था।

हालांकि, परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। आरोप है कि मुआवजे की 30 लाख रुपये की रकम को लेकर बड़े भाई हरकेश का सुखदेव से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हरकेश ने अपने ससुर और बेटे के साथ मिलकर सुखदेव के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए साजिश रची।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बड़े भाई, भतीजे और ससुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित