ग्रेटर नोएडा , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित निराला एस्टेट सोसाइटी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कई सुरक्षा कर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में अचानक हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के चलते सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे निवासियों में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पिछले कई महीनों से सैलरी नहीं दी गई है। बार-बार शिकायत और अनुरोध के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो उन्होंने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गार्ड्स का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण उनके सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
हड़ताल के कारण सोसाइटी के प्रवेश्-निकास पॉइंट्स पर सुरक्षा लगभग खत्म हो गई है। कई गेट बिना निगरानी के हैं, जिससे बाहरी लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं रह गया। सीसीटीवी मॉनिटरिंग और आगंतुक प्रवेश प्रणाली भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में चोरी, झपटमारी या अन्य घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि एक ओर फ्लैट्स को "सुपर लग्जरी" बताकर करोड़ों रुपये वसूले जाते हैं, वहीं दूसरी ओर ग्राउंड स्टाफ के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। निवासियों ने मांग की है कि सुरक्षा कर्मियों का बकाया वेतन तुरंत जारी किया जाए और सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था जल्द बहाल की जाए।
इस पूरे मामले में सोसाइटी प्रबंधन और बिल्डर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभी तक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति और ज्यादा संवेदनशील बनी हुई है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे भी विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं, स्थानीय प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
फिलहाल, 'निराला एस्टेट' सोसाइटी में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और सभी की नजरें प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित