ग्रेटर नोएडा , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा दादरी थाना पुलिस ने अज्ञात शव मिलने के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला सहित मुठभेड़ में एक आरोपी कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया बाका (आलाकत्ल), एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने गुरुवार को हत्या का खुलासा कर गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि, ग्रेटर नोएडा के कठहैरा रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, पम्पलेट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शव की पहचान गोविन्द रावल उर्फ भूरा घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी के रूप में हुई तथा दादरी थाना पुलिस द्वारा परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। जिसके तहत गुरुवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कोट नहर से ग्राम चक्रसेनपुर मार्ग पर दो लोगों रोहित रावल पुत्र शैलेन्द्र उर्फ शीलेन्द्र रावल,नफीस पुत्र रफीक (घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने घटना में शामिल धर्मेन्द्र पुत्र सुरेन्द्र रावल प्रीति देवी मृतक की पत्नी गोविन्द रावल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई एवं पूछताछ में सामने आया कि मृतक गोविन्द अपनी पत्नी प्रीति के साथ शराब पीकर मारपीट करता था। लगभग दो वर्ष पूर्व मुख्य आरोपी रोहित और प्रीति के बीच अवैध संबंध बन गए थे। दोनों ने मिलकर गोविन्द को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

गत 12 फरवरी को मुख्य आरोपी रोहित गोविन्द को बहाने से दादरी क्षेत्र के जीटी रोड ले गया जहां चिटहैरा पेट्रोल पंप के पास शराब खरीदकर जहां पहले से मौजूद मुख्य आरोपी का साथी नफीस पहले से मौजूद था, जहां तीनों ने एक खाली प्लॉट में बैठकर शराब पी। जब गोविन्द नशे में हो गया, तो रोहित ने उसके हाथ पकड़ लिए और नफीस ने बाका से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शव को बाउंड्री के किनारे फेंक दिया गया।

बाद में 15 फरवरी को रोहित और धर्मेन्द्र ने शव को हटाकर पास में छिपाने की कोशिश की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित