ग्रेटर नोएडा , मई 22 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर लगातार प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी और बताया कि गुरुवार को कासना थाना क्षेत्र स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान जीआईएमएस अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि चीरसी गांव निवासी सोनिका पत्नी सुभाष शर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। सोनिका को 20 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि दलिया खाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलते ही कासना थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और साक्ष्य संकलन करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतका के पिता राकेश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सोनिका भाटी मूल रूप से बुलंदशहर के कमालपुर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी 14 अगस्त वर्ष 2015 को कासना थाना क्षेत्र के चीरसी निवासी सुभाष शर्मा से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही सोनिका को उसके पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। उन्होंने बताया कि सोनिका कई बार फोन पर अपनी पीड़ा साझा कर चुकी थी और इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायतें की गई थीं।
बुधवार सुबह सोनिका ने उन्हें फोन कर बताया था कि पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की है और वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी है। उन्होंने बेटी को समझाने का प्रयास किया था।
इसके अगले दिन 21 मई (गुरुवार) को सोनिका के पति सुभाष शर्मा ने फोन कर बताया कि सोनिका की तबीयत खराब है और वह जीआईएमएस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो सोनिका की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से तंग आकर सोनिका ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने भी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित