नोएडा , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी में एक युवक ने अपने फ्लैट के अंदर पंखे से लटककर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी और बताया कि मंगलवार को बिसरख थाना क्षेत्र में युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि निखिल (26) पुत्र प्यारेलाल, मूल निवासी ग्राम हनुमान ठानी, जिला भिवानी, हरियाणा, वर्तमान में गौर सिटी में रह रहा था। युवक ने पंखे से लटककर जान दे दी।

सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लिया। इसके बाद नियमानुसार शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित