ग्रेटर नोएडा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित निजी छात्रावास में एक बीटेक छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अट्ठारह वर्षीय गौरव कुमार, निवासी जाटू स्याना, रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह गलगोटिया विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था।

पुलिस द्वारा गुरुवार को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना दो दिन पूर्व 24 फरवरी की है। ग्रेटर नोएडा बीटा दो थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरव एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रावास (एडब्लूएचओ) में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और निरीक्षण टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक का चचेरा भाई भी उसी कमरे में उसके साथ रहता था। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि मौत से पहले छात्र ने एक युवती को संदेश भी भेजा था। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित