ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार को हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, चोरी का सामान और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस ने गुरुवार को कहा कि सूरजपुर थाना क्षेत्र में मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के इशारे पर सभी आरोपी भागने लगे और रेलवे लाइन के किनारे जंगल की ओर निकल गए। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश-मुकेश उर्फ मुक्के और आकाश-गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उनके साथी देवेन्द्र शर्मा उर्फ देबू और सतपाल को पुलिस ने कांबिंग कर गिरफ्तार कर लिया।

चारों आरोपियों के कब्जे से एक एक तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मुकेश और आकाश के पास से ड्रिल मशीन और ड्रिल रॉड भी मिली हैं, जिनका उपयोग चोरी की वारदातों में किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता और देवला गांव में हुई चोरी की घटनाओं का सामान भी बरामद किया है। इसमें फ्रिज, एलईडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर, कुकर, प्लेट और भगौने शामिल हैं। साथ ही दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी मुकेश, आकाश, देवेन्द्र और सतपाल पर पहले से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं और ये थाना सूरजपुर के कई मामलों में वांछित चल रहे थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित