ग्रेटर नोएडा , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना पुलिस और सेंट्रल नोएडा की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घरों में चोरी और लूट की सनसनीखेज वारदातों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार किये गये, जबकि पुलिस सघन तलाशी अभियान के दौरान दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, वारदात में प्रयुक्त टैक्सी कार, विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस द्वारा रविवार को यह जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया गया कि, सूरजपुर थाना पुलिस और सेंट्रल नोएडा सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सूरजपुर वेटलैंड के पास जंगल क्षेत्र में कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान वीरपाल और विजयपाल को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में चलाए गए सघन तलाश अभियान में अर्जुन कश्यप और अवधेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, चार खोखा कारतूस, चार कारतूस (.315 बोर), वारदात में इस्तेमाल की गई टैक्सी कार , 56 विदेशी मुद्रा के नोट, दो हाथ घड़ियां, सोने की दो चेन, एक अंगूठी, एक पेंडेंट, एक कान का झुमका, टूटी हुई चेन के कई टुकड़े, एक सफेद धातु की चेन, 14,275 रुपये नकद तथा जापानी मुद्रा बरामद की गई।
आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वे ऑनलाइन बुकिंग एप के माध्यम से टैक्सी चलाने का काम करते थे। इसी दौरान वे पॉश सोसायटियों की रेकी कर सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे।
आरोपियों द्वारा चार जुलाई की रात पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। वीरपाल और अवधेश सोसाइटी की दीवार फांदकर अंदर घुसे, जबकि विजयपाल और अर्जुन कार में बैठकर बाहर निगरानी करते रहे।
वीरपाल एक मकान में घुस गया, जहां पहली मंजिल पर महिला अपने बच्चों के साथ सो रही थी। महिला के जागने पर उसे डरा-धमकाकर उसके गहने, नकदी और बैग लूट लिया। बैग में महिला का पैन कार्ड भी रखा हुआ था। इसके बाद चारों आरोपियों ने उसी रात सोसाइटी के एक अन्य मकान का दरवाजा तोड़कर वहां से विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा, भारतीय नकदी और दो महंगी घड़ियां चोरी कर लीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरपाल पुत्र होरीलाल (25) ग्राम मानपुर नगरिया, विजयपाल पुत्र किशनपाल (21), निवासी ग्राम मौजमपुर, अर्जुन कश्यप पुत्र कुंभकरण (21), निवासी ग्राम मानपुर नगरिया, और अवधेश पुत्र नेमसिंह (21), निवासी ग्राम मानपुर नगरिया, थाना सोरों, जिला कासगंज, वर्तमान पता सूरजपुर ग्रेटर नोएडा के रूप में हुयी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी वीरपाल के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं विजयपाल पर भी चोरी, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित