ग्रेटर नोएडा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि, 8 मई को पीड़ित परिजनों द्वारा दादरी थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि उनकी 20 वर्षीय बेटी मोनिका की हत्या कर दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दादरी पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में आज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति अनुज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ग्राम हजरतपुर नहर के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज चौहान पुत्र हरेन्द्र चौहान निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, दादरी थाना, क्षेत्र के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर कार नंबर यूपी 16 एफके 5566 भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
जांच पड़ताल में सामने आया कि मृतका और आरोपी की कुछ महीने पहले शादी हुई थी जिसके बाद से आरोपी मृतका के नाम करोड़ों की संपत्ति लेने के लिए दबाव बनाता था तथा इस कारण दोनों के बीच कहासुनी हुआ करती थी। अंततः घटना वाले दिन आरोपी अपनी फॉरच्यूनर कार मृतका के परिजनों को टक्कर मारकर भागने का प्रकरण सामने आया और जिसके बाद मृतका के परिजनों ने लिखित शिकायत दी तथा थाना पुलिस द्वारा मामले का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को हत्या के मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित