ग्रेटर नोएडा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बीटा-दो थाना क्षेत्र के सिग्मा अपार्टमेंट के पास एक नाइजीरियाई नागरिक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान 39 वर्षीय माइक के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया का नागरिक था और ग्रेटर नोएडा के जीटा-वन क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार जीटा-वन निवासी चार्ल्स कैनेडी ने सूचना दी कि माइक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इसके बाद बीटा-दो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक कुछ समय से मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ था। वह अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था और जहां जगह मिलती थी, वहीं रुक जाता था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बीमारी के कारण हुई मृत्यु का प्रतीत होता है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित