ग्रेटर नोएडा , मई 08 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ी बछेड़ा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। विवाहिता की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए ससुराल पक्ष ने उसे जलाकर मार डाला। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटना के बारे में शुक्रवार को बताया कि,मोनिका अपनी मां के साथ म्यू-2 क्षेत्र में किराए पर रहती थी। लगभग तीन महीने पहले उसने घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी अनुज चौहान के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बाद में दोनों परिवारों की सहमति भी हो गई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि मोनिका के नाम पर करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी थी और इसी संपत्ति को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। गुरुवार 7 मई की शाम मोनिका ने अपने भाई को फोन कर बताया कि उसका पति अनुज चौहान और उसके परिजन उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अनुज के घर पहुंचे, जहां उन्हें मोनिका की मौत की जानकारी मिली।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित