ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के बीटा- दो थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने कार का शीशा तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने पार्किंग में खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाते हुए उसका शीशा तोड़ दिया और उसमें रखे लाखों रुपये की नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सोमवार को पुलिस ने घटना के संबंध जानकारी दी, घटना की सूचना मिलते ही बीटा दो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
घटना ग्रेटर नोएडा स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के सामने की बताई जा रही है। वाहन मालिक अपनी स्कॉर्पियो को अस्पताल के बाहर पार्क कर किसी काम से अंदर गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया और गाड़ी का शीशा तोड़कर कुछ ही मिनटों में अंदर रखा सारा सामान साफ कर दिया।
इस पूरी वारदात की तस्वीरें पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में आरोपी बेहद शातिर तरीके से घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बदमाश पहले इलाके की रेकी कर चुके थे और सुनसान पल का इंतजार कर रहे थे।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक को दर्शाता है। निवासियों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले के खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन इस वारदात ने शहर में वाहन पार्किंग और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित