ग्रेटर नोएडा, जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जेवर से खुर्जा जाने वाले मार्ग पर नीमका गांव के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस द्वारा गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि,घटना की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों की पहचान करन (22) पुत्र मिथलेश, विश्वजीत (24) पुत्र सतीश तथा मिथुन (25) निवासी जनपद अररिया, बिहार के रूप में की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक धान की रोपाई का कार्य करने के लिए क्षेत्र में आए हुए थे। हादसे के समय वे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान स्कॉर्पियो के रूप में कर ली गई है। साथ ही वाहन चालक की भी पहचान हो चुकी है।

मृतकों के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित