ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित कासना थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। कासना यूपीएसआईडीए कंपनी कट के सामने चौराहे पर सड़क पार कर रही दो महिलाओं को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया और सिरसा की तरफ भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही कासना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए यह बताया कि, मंगलवार रात कासना थाना पुलिस को क्षेत्र के यूपीएसआईडीए कंपनी कट के सामने चौराहे पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। बताया गया कि ट्रक संख्या आरजे 29 जीबी 2445 ने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को रोकने के बजाय सिरसा की ओर लेकर चला गया।

सूचना मिलते ही कासना थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव की कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक महिलाओं की पहचान मनीषा (45 वर्ष), पत्नी रमेश, निवासी ग्राम दहगवां, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं तथा विमलेश (43 वर्ष), पत्नी संजू, निवासी ग्राम हिम्मतपुर, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं बदायूं जिले की रहने वाली थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित